ऑकलैंड
भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा का बल्लेबाजी क्रम बदलने के साथ अंदाज भी बदला है. पहले नंबर-3 पर उतरने वाले तिलक अब नंबर-5 या नंबर-6 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं. उनका कहना है कि इस बदलाव ने उनकी सोच में थोड़ा फर्क लाया है. अब वह पहली गेंद से ही बाउंड्री लगाने का मौका तलाशते हैं, हालांकि इसके लिए गेंद का हिट करने लायक होना जरूरी है।
तिलक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल से पहले ऑकलैंड में यह बात कही. पिछले 12 महीनों में उन्होंने रन चेज के दौरान अपनी बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई है. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भी उन्होंने नीतीश रेड्डी के साथ मिलकर मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है।
'पहली गेंद से बाउंड्री का मौका तलाशता हूं'
तिलक ने कहा- मेरे पास पहले से ही पावर गेम था. मैंने नंबर-3 पर भी रन बनाए हैं. अब नंबर-5 या नंबर-6 पर बल्लेबाजी करते हुए मैं पहली ही गेंद पर बाउंड्री लगाने के बारे में सोचता हूं, लेकिन तभी जब गेंद हिट करने लायक हो।
उन्होंने आगे कहा- अगर ऐसा मौका नहीं मिलता, तो मेरा ध्यान मैच को आखिरी ओवरों तक ले जाने पर रहता है. मैं थोड़ा समय लेता हूं. शुरुआत में सिंगल और डबल लेने, गैप तलाशने और चौके या दो रन जुटाने पर ध्यान देता हूं।
डेथ ओवर्स में गेंदबाजों पर बनाते हैं प्रेशर
रन चेज के दौरान तिलक सिर्फ अपने शॉट्स पर ही नहीं, बल्कि गेंदबाजों की मानसिक स्थिति पर भी ध्यान देते हैं. उनका मानना है कि आखिरी ओवरों में बल्लेबाज के मुकाबले गेंदबाज पर ज्यादा दबाव होता है।
नीतीश रेड्डी से तिलक वर्मा की क्या बात हुई थी?
हेगले ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टारगेट का पीछा करते हुए नीतीश रेड्डी के साथ अपनी पार्टनरशिप को याद करते हुए तिलक ने बताया कि उन्होंने अपने साथी बल्लेबाज से क्या कहा था।
उन्होंने कहा- मैंने नीतीश से कहा था कि अगर हम यहां से मैच निकाल लेते हैं, तो बहुत मजा आएगा. बस क्रीज पर टिके रहो, मैच को आखिरी तक ले चलो और फिर देखते हैं कि क्या होता है।
भारत की नजरें 5-0 के क्लीन स्वीप पर
भारतीय टीम सीरीज अपने नाम कर चुकी है, लेकिन तिलक की नजरें अब बाकी दोनों मुकाबले जीतकर क्लीन स्वीप करने पर हैं. उन्होंने कहा कि टीम इसे 5-0 से जीतने के शानदार मौके के तौर पर देख रही है।

More Stories
IPL 2027: हार्दिक पंड्या के पंजाब किंग्स में आते ही गदगद हुए रिकी पोंटिंग, बताई टीम की नई ताकत
WPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स का बड़ा दांव, महेला जयवर्धने बने महिला टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट
29 साल बाद श्रीलंका के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड, 2026 में एक भी टेस्ट नहीं जीत सकी टीम