रात में बार-बार काम करने वाले लोगों के दिल की बनावट और उसकी मांसपेशियों के काम करने के तरीके में बदलाव हो सकता है। एक नए अध्ययन में यह बात सामने आई है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, नियमित रूप से नाइट शिफ्ट करने वालों के हृदय के आकार, मांसपेशियों के सिकुड़ने की क्षमता और हृदय स्वास्थ्य से जुड़े खून के कुछ संकेतकों में अंतर देखा गया है। हालांकि, ये बदलाव बहुत छोटे हैं।इसका अर्थ यह नहीं है कि हर नाइट शिफ्ट करने वाले व्यक्ति को हृदय रोग होगा।
42 हजार से अधिक लोगों पर हुआ अध्ययन
चीन के झेंगझोउ यूनिवर्सिटी पीपुल्स हास्पिटल के शोधकर्ताओं ने यह अध्ययन किया है। इसके निष्कर्ष "यूरोपियन हार्ट जर्नल-कार्डियोवैस्कुलर इमेजिंग" में प्रकाशित हुए हैं। यह पहला बड़ा अध्ययन है, जिसमें नाइट शिफ्ट में काम करने और हृदय की स्थिति के बीच संबंध समझने के लिए कार्डियक एमआरआई के साथ प्रोटीन और मेटाबोलिज्म से जुड़े खून के संकेतकों का भी विश्लेषण किया गया। शोधकर्ताओं ने यूके बायोबैंक के 42,671 महिला और पुरुषों के आंकड़ों का अध्ययन किया। इनकी शुरुआती औसत उम्र 52 वर्ष थी
हृदय की दीवारें मिलीं थोड़ी मोटी
कार्डियक मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (एमआरआई) से पता चला कि नियमित नाइट शिफ्ट करने वालाें के दिल की मुख्य पंपिंग चैंबर के आकार के अनुपात में दीवारें थोड़ी मोटी थीं। हृदय के कक्षों का आकार भी कुछ छोटा पाया गया। हृदय की मांसपेशियों के सिकुड़ने से जुड़े एक माप में भी मामूली अंतर देखा गया। हालांकि, हृदय की पंपिंग क्षमता का आकलन करने वाले इजेक्शन फ्रैक्शन में बड़ा अंतर नहीं मिला। यह माप बताता है कि हृदय हर धड़कन के साथ कितना रक्त बाहर पंप करता है।
खून में भी मिले बदलाव के संकेत
अध्ययन में नाइट शिफ्ट करने वालों के खून में डीएचए का स्तर कम था। डीएचए ओमेगा-3 फैटी एसिड का एक प्रकार है, जो हृदय और रक्त वाहिकाओं के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। वहीं, ट्राइग्लिसराइड्स और सूजन से जुड़े संकेतकों का स्तर अधिक मिला। ट्राइग्लिसराइड्स एक प्रकार की वसा है, जिसका स्तर बहुत ज्यादा होने पर हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है।
शरीर की जैविक घड़ी बिगड़ने का असर
रात में काम करने से शरीर की प्राकृतिक जैविक घड़ी और सोने-जागने के सामान्य समय के बीच तालमेल बिगड़ सकता है। इससे शरीर का मेटाबोलिज्म, सूजन की प्रक्रिया, रक्तचाप का नियंत्रण और रक्त वाहिकाओं की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। यही वजह है कि नाइट शिफ्ट को हृदय रोग और उससे होने वाली मृत्यु के बढ़ते जोखिम से जोड़कर देखा जाता है।
नाइट शिफ्ट करने वाले रखें दिल का ध्यान शोध के लेखक डॉ. मुवेई ली ने कहा कि रात में नियमित काम करने वालों काे अपने हृदय स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। धूम्रपान से बचना, शारीरिक रूप से सक्रिय रहना, संतुलित भोजन करना, स्वस्थ वजन बनाए रखना और पर्याप्त नींद लेना जरूरी है। साथ ही सोने-जागने का समय नियमित रखने और रक्तचाप, कोलेस्ट्राल तथा ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने की सलाह दी गई है।

More Stories
रूस का अनोखा प्रयोग: दिमाग में इलेक्ट्रोड और पीठ पर कैमरा, अब जासूसी करेंगे कबूतर!
ब्लैक फ्राइडे सेल में स्मार्टफोन पर बंपर छूट, Galaxy S25 Ultra से iPhone 16 तक डील
Realme ला रहा 10,000mAh बैटरी वाला धांसू फोन, पहली तस्वीरें लीक, जानें फीचर्स