नई दिल्ली
8वें वेतन आयोग के ( 8th Pay Commission ) से केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में बदलाव की उम्मीद के बीच पेंशनर्स ने भी अपनी मांगें तेज कर दी हैं। फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन (FCPA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर रिटायर हो चुके कर्मचारियों को भी 8वें वेतन आयोग का पूरा लाभ देने की मांग की है। संगठन चाहता है कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन में भी संशोधन किया जाए। इसके अलावा, 50% महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) को मूल वेतन और पेंशन में जोड़ने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने और अंतरिम राहत देने जैसी मांगें भी रखी गई हैं।
जानें क्या हैं पेंशनर्स की 11 प्रमुख मांगें
1. 2025 के पेंशन कानून को वापस लेने की मांग
संगठन ने फाइनेंस एक्ट 2025 के जरिए लाए गए वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट, 2025 को पूरी तरह वापस लेने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि यह कानून सुप्रीम कोर्ट के डीएस नाकारा बनाम भारत सरकार मामले में दिए गए फैसले के सिद्धांतों को प्रभावित कर सकता है।
इस फैसले में समान परिस्थितियों वाले पेंशनर्स के बीच पेंशन की समानता पर जोर दिया गया था।
2. 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी लाभ
एफसीपीए चाहता है कि 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) में संशोधन कर 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन में बदलाव को भी स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए।
संगठन का तर्क है कि समान पद, सेवा अवधि और सेवा शर्तों वाले कर्मचारियों की पेंशन सिर्फ रिटायरमेंट की तारीख अलग होने के कारण अलग नहीं होनी चाहिए।
3. पुरानी पेंशन योजना बहाल हो
संगठन ने 1 जनवरी 2004 या उसके बाद भर्ती हुए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) फिर से लागू करने की मांग की है।
इसके साथ ही नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को बंद करने की मांग भी रखी है।
4. BSNL-MTNL कर्मचारियों की पेंशन में बदलाव
बीएसएनएल और एमटीएनएल में शामिल हुए कर्मचारियों की पेंशन में 1 जनवरी 2017 से पिछली तारीख से संशोधन लागू करने की मांग की गई है।
संगठन के मुताबिक यह मामला अभी तक लंबित है।
5. बैंक कर्मचारियों की पेंशन में भी संशोधन
पेंशनर्स ने रिटायर्ड बैंक कर्मचारियों की पेंशन को समय-समय पर अपडेट करने की मांग की है।
इसके लिए रिजर्व बैंक (RBI) की पेंशन संशोधन व्यवस्था जैसा सिस्टम लागू करने का सुझाव दिया गया है।
6. स्वायत्त संस्थानों के कर्मचारियों को भी लाभ
संगठन चाहता है कि स्वायत्त संस्थानों के कर्मचारियों को भी 8वें वेतन आयोग के दायरे में लाया जाए।
साथ ही इन संस्थानों के रिटायर्ड कर्मचारियों को भी केंद्र सरकार के पेंशनर्स की तरह CGHS मेडिकल सुविधाएं दी जाएं।
7. 50% डीए-डीआर को मूल वेतन और पेंशन में जोड़ें
पेंशनर्स ने मांग की है कि 50% महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) को मूल वेतन और पेंशन में जोड़ दिया जाए।
यह व्यवस्था 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने तक अंतरिम तौर पर जारी रहे।
8. पेंशनर्स को 20% अंतरिम राहत मिले
संगठन ने मौजूदा पेंशन के कम से कम 20% के बराबर अतिरिक्त अंतरिम राहत देने की मांग की है।
यह लाभ पेंशनर्स के साथ फैमिली पेंशनर्स को भी देने की बात कही गई है, ताकि पेंशन संशोधन होने तक उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
9. पेंशन कम्यूटेशन की अवधि में कटौती
फिलहाल कर्मचारी रिटायरमेंट के समय अपनी पेंशन का एक हिस्सा एकमुश्त रकम के रूप में ले सकते हैं। इसे पेंशन कम्यूटेशन कहा जाता है।
इसके बदले हर महीने मिलने वाली पेंशन कुछ कम हो जाती है। अभी 15 साल बाद पेंशन का यह हिस्सा दोबारा बहाल होता है।
संगठन ने इस अवधि को घटाकर 10 साल 8 महीने करने की मांग की है।
10. CGHS और मेडिकल सुविधाओं में सुधार
पेंशनर्स ने हर जिले में कम से कम एक CGHS वेलनेस सेंटर खोलने की मांग की है।
इसके अलावा डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने, दवाओं की उपलब्धता बेहतर करने और ज्यादा अस्पतालों को CGHS के पैनल में शामिल करने का सुझाव दिया है।
संगठन ने बिना प्रशासनिक परेशानी के कैशलेस इलाज की सुविधा देने और फिक्स्ड मेडिकल अलाउंस को मौजूदा स्तर से बढ़ाकर 5000 रुपये करने की मांग भी की है।
11. OROP के तहत सभी को समान पेंशन
संगठन ने वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) के तहत पेंशन में समानता की मांग की है।
उसका कहना है कि पेंशन तय करते समय 2026 से पहले और उसके बाद रिटायर हुए कर्मचारियों के बीच अंतर नहीं होना चाहिए।
पेंशन पर क्या चाहते हैं अलग-अलग संगठन?
अलग-अलग कर्मचारी और पेंशनर्स संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के सामने पेंशन में बदलाव को लेकर सुझाव रखे हैं। ये इस प्रकार हैं:
| संगठन | प्रमुख मांग |
| नेशनल काउंसिल ऑफ द जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) | आखिरी वेतन का 67% पेंशन और 50% फैमिली पेंशन |
| ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइस फेडरेशन (AIDEF) | आखिरी वेतन का 67% पेंशन और 50% फैमिली पेंशन |
| फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गेनाइजेशन (FNPO) | पेंशन का पूरा खर्च विभागीय बजट से अलग कर कंसोलिडेटेड फंड ऑफ इंडिया से देना |
| ऑल इंडिया न्यू पेंशन स्कीम एम्प्लॉइस फेडरेशन (AINPSEF) | सिविल कर्मचारियों के लिए वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) |
| इंडियन रेलवेज सुपरवाइजर्स एसोसिएशन (IRTSA) | सभी पेंशन योजनाओं में रिटायरमेंट, डेथ ग्रेच्युटी और ओआरओपी |
| भारत पेंशनर्स समाज (BPS) | न्यूनतम 45000 रुपये पेंशन, आखिरी वेतन का 67% पेंशन और 50% फैमिली पेंशन |
| भारत प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) | पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करना |
अभी कितनी मिलती है पेंशन?
मौजूदा नियमों के मुताबिक, केंद्रीय कर्मचारियों को पेंशन के तौर पर आखिरी वेतन का 50% या रिटायरमेंट से पहले के आखिरी 10 महीनों के औसत वेतन का 50% मिलता है। इन दोनों में जो राशि कर्मचारी के लिए ज्यादा फायदेमंद होती है, उसी के आधार पर पेंशन तय की जाती है।
फिटमेंट फैक्टर भी होगा अहम
8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर भी पेंशन और सैलरी में बदलाव का अहम आधार हो सकता है। अगर सरकार 2.0, 2.25 या 2.50 का फिटमेंट फैक्टर लागू करती है, तो पेंशन में कितनी बढ़ोतरी होगी, यह आयोग की सिफारिशों और सरकार के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगा। हालांकि, अभी इन फिटमेंट फैक्टर में से किसी को भी सरकार ने मंजूरी नहीं दी है। 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों और सरकार के अंतिम निर्णय के बाद ही पेंशनर्स को मिलने वाले वास्तविक लाभ की तस्वीर साफ होगी।
अब आगे क्या होगा?
FCPA ने अपना ज्ञापन प्रधानमंत्री के अलावा वित्त मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्री और पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग के सचिव को भी भेजा है। एसोसिएशन ने अपनी मांगों पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री या वित्त मंत्री से जल्द मुलाकात का समय भी मांगा है।

More Stories
रेलवे का बड़ा फैसला, फरवरी तक 20 ट्रेनें रहेंगी रद्द, यहां देखें पूरी लिस्ट
परिसीमन के बाद बदलेगा देश का चुनावी नक्शा, किन राज्यों में नहीं बढ़ेंगी लोकसभा सीटें?
भारत का नया मिसाइल शील्ड तैयार, अग्नि-5 और K-4 के बीच चीन की बढ़ी चिंता; S-400 से तुलना