इंदौर
शहर में बीते दो दिनों से गर्मी के तेवर तेज हो गए हैं। दिन के समय तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है, हालांकि रात का तापमान सामान्य से थोड़ा कम होने के कारण कुछ राहत मिल रही है। आमतौर पर इंदौर में मार्च के अंतिम सप्ताह तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस बार महीने की शुरुआत में ही पारा उस स्तर के करीब पहुंचने लगा है।
पिछले दो दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक तेज धूप बनी रह सकती है, जबकि हवा की गति सामान्य रहने का अनुमान है।
गुरुवार को दिन का तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं रात का तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी।
धुलेंडी के जश्न के दौरान भी इस बार शहरवासियों को गर्मी का अहसास हुआ। वहीं रविवार को आने वाली रंगपंचमी पर भी तेज गर्मी महसूस होने की संभावना है। हालांकि रात के समय तापमान थोड़ा कम होने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार सामान्य तौर पर मार्च के अंतिम सप्ताह तक तापमान तेजी से बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है, लेकिन इस बार पहले ही सप्ताह में पारा 35 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। प्रदेश में फिलहाल कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है और आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप पड़ रही है। इसी वजह से मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी के तेवर तीखे नजर आने लगे हैं।

More Stories
हर गन्ना किसान तक पहुंचेगा सामाजिक सुरक्षा का कवच, गन्ना समितियों से जुड़ेंगी जनकल्याणकारी योजनाएं
सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के 5 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सहकारी सप्ताह समारोह
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर व्यक्त किया शोक