रायपुर
प्रदेश में भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के थपेड़ों को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोगों से सावधानी बरतने और इससे बचने का आग्रह किया है। उन्होंने लोगों से खुद का और परिजनों का ख्याल रखने की बात कही है।
साय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जारी वीडियो संदेश में कहा है कि प्रिय छत्तीसगढ़ वासियों। विगत कुछ दिनों से प्रदेश में तापमान में भारी वृद्धि हुई है। झुलसाने वाली गर्म हवाओं के थपेड़े चल रहे हैं। जिसके चलते गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतें। आप सभी से मेरा आग्रह है कि सुरक्षित रहें, सतर्क रहें, अपना और अपने बच्चों का ख्याल रखें। आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से सावधानी से निकले, धूप में सिर और कान को कपड़े से अच्छी तरह से बांधें, पानी अधिक मात्रा में पियें, अधिक पसीना आने की स्थिति में ओआरएस घोल पियें, छायादार जगहों पर रहें, लू लगने या तबियत खराब होने की स्थिति में तत्काल अस्पताल जाएं। क्योंकि सावधानी में ही समाधान है। धन्यवाद। जय जोहार, जय छत्तीसगढ़।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में बेतहाशा गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने भी आगामी कुछ दिनों तक हीटवेव के जारी रहने की बात कही है। जिसके चलते सीएम साय ने लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

More Stories
सक्षम आंगनबाड़ी योजना में खरीदी केंद्र सरकार के प्रावधानों और राज्य के वित्तीय नियमों के तहत
छत्तीसगढ़ में 25 मार्च से पहली बार होगा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026, 2000 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे
रायपुर : जशपुर में ‘लखपति दीदी’ अभियान को मिली नई रफ्तार लखपति दीदी