नई दिल्ली
कांग्रेस की ओर से लोकसभा चुनाव 2024 के लिए घोषणा पत्र जारी किया गया है। इसमें 5 न्याय देने का वादा किया है और उसके तहत 25 गारंटियों का ऐलान किया है। इस बीच कांग्रेस का न्याय पत्र आते ही भाजपा ने उस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के मेनिफेस्टो में विदेश की तस्वीरें छापी गई हैं। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मेनिफेस्टो में वाटर मैनेजमेंट के नाम पर जो तस्वीर छापी गई है, वह अमेरिका के न्यूयॉर्क में बहने वाली बफैलो नदी की है। इस दौरान सुधांशु त्रिवेदी ने सवाल भी पूछा कि यह तो एक यक्ष प्रश्न बन जाएगा कि ऐसा किसने किया।
उन्होंने कहा कि इससे पहले तो यही एक सवाल था कि कांग्रेस की सोशल मीडिया हेड के अकाउंट से किसने ट्वीट कर दिया। अब कांग्रेस यह कैसे पता लगाएगी कि उसके घोषणा पत्र में किसने विदेश की तस्वीरें छाप दीं और किसने भेजी थीं। इसके आगे त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस के मेनिफेस्टो में राहुल गांधी की पसंदीदा जगह थाईलैंड की तस्वीर भी पर्यावरण सेक्शन में छपी है। आखिर यह पूरा मेनिफेस्टो किसने तैयार किया है। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के वादों पर भी सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि ये लोग महंगाई कम करने का वादा कर रहे हैं, जो भारत के राज में सबसे कम है।
कांग्रेस के दौर में तो महंगाई की दर 26 फीसदी तक हो गई थी। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र का नाम न्याय पत्र रखा है। इसका मतलब उसने मान लिया है कि अब तक अन्याय हो रहा था, जबकि उसकी ही सरकारें आजादी के बाद सबसे ज्यादा समय तक रही हैं। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस की सोच आप देख सकते हैं कि वह पर्सनल लॉ को वरीयता देना चाहती है। उन्होंने कहा कि इनसे उम्मीद भी क्या हो सकती है। जब सुप्रीम कोर्ट के फैसले को इन्होंने पलटकर शरिया को तरजीह दे दी थी तो फिर यह क्या चीज है। दरअसल त्रिवेदी इसके जरिए शाहबानो केस का जिक्र कर रहे थे, जब राजीव गांधी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का फैसला ही संसद से कानून बनाकर पलट दिया था।

More Stories
Bengal Election 2026: TMC की उम्मीदवार सूची जारी, नंदीग्राम से चुनाव नहीं लड़ेंगी ममता बनर्जी
बंगाल चुनाव में बड़ा ऐलान: ममता बनर्जी की सीट तय, शुभेंदु अधिकारी से सीधी टक्कर
जदयू से केसी त्यागी का इस्तीफा, आगे की रणनीति का किया खुलासा