ओडिशा
ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा ऐलान किया है। पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख मनमोहन सामल ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ओडिशा में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। यह घोषणा चुनाव के लिए भाजपा और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाले बीजू जनता दल (बीजद) के बीच संभावित गठबंधन की अटकलों के बीच आई है।
सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी बीजेपी
मनमोहन सामल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि पार्टी ओडिशा में लोकसभा की सभी 21 सीटों और विधानसभा की सभी 147 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीतेगी। सामल ने अपने ट्वीट में लिखा, "माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, विकसित भारत और विकसित ओडिशा बनाने के लिए ओडिशा के 4.5 करोड़ लोगों की आशाओं, इच्छाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी 21 सीटें जीतेगी।" लोकसभा की और विधानसभा की सभी 147 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेंगे।''
कल्याणकारी योजनाएं जमीन तक नहीं पहुंच रही
ओडिशा भाजपा प्रमुख ने यह भी दावा किया कि मोदी सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं ओडिशा में जमीन तक नहीं पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा, "मोदी सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं ओडिशा में जमीन पर नहीं उतर रही हैं, जिसके कारण ओडिशा के गरीब बहनों और भाइयों को उनका लाभ नहीं मिल रहा है। हमें ओडिशा-अस्मिता, ओडिशा-गौरव और ओडिशा के हित से जुड़े कई मुद्दों पर चिंता है।"
13 मई से चार चरणों में एकसाथ मतदान होगा
विशेष रूप से भाजपा और बीजद के बीच 1998 से 2009 के बीच एक दशक से अधिक समय तक गठबंधन रहा था। दोनों दलों ने 2009 तक तीन लोकसभा और दो विधानसभा चुनाव एक साथ लड़े थे। ओडिशा में 21 लोकसभा सीटों और 147 सदस्यीय विधानसभा के लिए 13 मई से चार चरणों में एक साथ मतदान होगा। वर्तमान में, भाजपा के पास वर्तमान में ओडिशा से आठ लोकसभा सांसद और विधानसभा में 23 विधायक हैं। इस बीच, राज्य में सत्तारूढ़ बीजद के पास 112 विधायक और 12 लोकसभा सांसद हैं।

More Stories
एमपी से राज्यसभा चुनाव में BAP उतारेगी उम्मीदवार, कमलेश्वर डोडियार ने मोदी और राहुल से मांगा समर्थन
हरियाणा, ओडिशा और बिहार की घटनाओं से बढ़ी टेंशन! कांग्रेस को राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग का डर, विधायकों की बाड़ेबंदी की तैयारी
केरल में भाजपा के प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह