स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

लखनऊ में IPL मैच आज, इकाना स्टेडियम के आसपास रूट डायवर्जन और भारी वाहनों की नो एंट्री

लखनऊ
आईपीएल 2026 के लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल के बीच बुधवार को लखनऊ के एकाना स्टेडियम में होने वाले मैच को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है. बुधवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के कारण शहीद पथ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर दो बजे से मैच समाप्त होने तक शहीद पथ पर विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी. शाम 7:30 बजे से मैच शुरू होने वाला है. इस दौरान भारी वाहन, कमर्शियल वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा जैसे वाहनों को शहीद पथ पर प्रतिबंधित कर दिया जाएगा.
एकाना स्टेडियम के आस-पास रूट डायवर्जन लागू, शहीद पथ पर इन गाड़ियों की नो एंट्री

लखनऊ में आईपीएल मैच की वजह से रूट डायवर्जन
यह ट्रैफिक डायवर्जन बुधवार दोपहर 2 बजे से मैच खत्म होने तक लागू होगा. इसकी वजह से शहीद पथ और एकाना स्टेडियम के आसपास की सड़कें प्रभावित रहेंगी. इस दौरान भारी वाहन, कमर्शियल वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा शहीद पथ पर नहीं चल सकेंगे. ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया है. आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे मैच वाले दिन इन इलाकों से बचकर यात्रा करें और पहले से ही अपनी रूट प्लानिंग कर लें.

मैच के दौरान स्टेडियम की ओर आने वाले दर्शकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए ये व्यवस्थाएं की हैं. स्टेडियम परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, लेकिन आसपास की सड़कों पर अनावश्यक रुकावट से बचने की सलाह दी जा रही है.

कोई भी इमरजेंसी या यातायात संबंधी समस्या होने पर नागरिक 9454405155 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. पुलिस टीम लगातार निगरानी रखेगी और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त डायवर्जन लागू करेगी. ट्रैफिक पुलिस ने सभी लखनऊवासियों से अनुरोध किया है कि वे मैच के दिन सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें और व्यक्तिगत वाहनों का उपयोग सीमित रखें. इससे न सिर्फ जाम की स्थिति नियंत्रित रहेगी, बल्कि दर्शकों को स्टेडियम पहुंचने में भी आसानी होगी.

यहां डायवर्जन लागू
सुलतानपुर रोड पर वाहन अमूल तिराहा से डायवर्ट होंगे और अर्जुनगंज कैंट की तरफ से आ रहे वाहन कटाई पुल से. इसके अलावा रोडवेज की तरफ से जारी डायवर्जन प्लान प्राइवेट बसें भी सख्ती से पालन करेंगी. अर्जुनगंज की तरफ से आने वाली ई-रिक्शा/आटो अहिमामऊ से बायीं मुड़कर पीएचक्यू, यूपी-112 , मातृत्व अस्पताल के पीछे वाली सड़क पर सवारी उतारेंगे एवं पीएचक्यू के सामने से होते हुए जी-20 तिराहे से गोमती नगर की तरफ जाएंगे. सुलतानपुर रोड से आने वाले आटो/ई-रिक्शा बायें मुड़कर लुलु माल की तरफ जाकर सवारी उतारेंगे. किसी भी दशा में अहिमामऊ से 500 मी की परिधि में सवारी न उतारेंगे न बैठाएंगे.