इंदौर में स्कूल बसों व ड्राइवरों की अब ऑनलाइन निगरानी, परिवहन विभाग ने तैयार किया 'शिक्षा सारथी पोर्टल'
इंदौर
इंदौर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अब स्कूल बसों की निगरानी और उनके चालक-परिचालकों के सत्यापन की व्यवस्था ऑनलाइन की जा रही है। इसके लिए परिवहन विभाग ने शिक्षा सारथी पोर्टल तैयार किया है। इस पोर्टल पर शहर के स्कूल-कॉलेजों में संचालित सभी बसों का रिकॉर्ड दर्ज रहेगा।
बस के दस्तावेजों से लेकर सुरक्षा इंतजामों और चालक की व्यक्तिगत जानकारी तक एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इससे परिवहन, यातायात और शिक्षा विभाग के साथ प्रशासन भी बसों की स्थिति पर नजर रख सकेगा।
पोर्टल पर प्रत्येक स्कूल और कॉलेज को अपनी बसों की जानकारी अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसमें वाहन का रजिस्ट्रेशन, मालिक का नाम, परमिट, फिटनेस, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी) के साथ सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस की उपलब्धता की जानकारी दर्ज करनी होगी। बस के फिटनेस या अन्य दस्तावेजों की वैधता समाप्त होने से पहले ही स्कूल संचालक को एसएमएस से अलर्ट मिलेगा। परिवहन विभाग को भी रिमाइंडर पहुंचेगा, जिससे समय रहते दस्तावेजों का नवीनीकरण कराया जा सकेगा।
चालक का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच सकेंगे
पोर्टल की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था चालक और परिचालक का सत्यापन है। स्कूल संचालकों को दोनों की पूरी जानकारी अपलोड करनी होगी। चालक का नाम, पता, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार नंबर, मोबाइल नंबर और फोटो दर्ज किया जाएगा। यह जानकारी संबंधित पुलिस थाने को भी उपलब्ध होगी, जिससे पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया आसान होगी। इसके जरिए चालक का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांचा जा सकेगा। यदि उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज रहा है या दुर्घटना से संबंधित प्रकरण विचाराधीन है तो उसकी जानकारी भी सामने आ सकेगी।
15 साल से पुरानी बसों पर रहेगी नजर
पोर्टल से बसों की उम्र और संचालन की वैधता की निगरानी भी की जा सकेगी। इससे 15 वर्ष से अधिक पुरानी बसों के संचालन पर रोक के नियम का पालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। साथ ही परमिट, फिटनेस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की समय-सीमा पर नजर रखी जा सकेगी। फिलहाल परिवहन विभाग ने पोर्टल का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जल्द ही स्कूल संचालकों की बैठक लेकर उन्हें इसकी प्रक्रिया समझाई जाएगी। प्रत्येक स्कूल को पोर्टल की आईडी और पासवर्ड दिया जाएगा। संचालकों को सभी जानकारियां सही और अपडेट दर्ज करनी होंगी।

More Stories
लखनऊ में प्लाटून कमांडर, ब्लॉक ऑर्गनाइजर और हवलदार प्रशिक्षक के 504 पदों के लिए हुई मुख्य परीक्षा
भिण्ड पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, आग पर समय रहते पाया काबू
यूपी में 144 DSP और ACP के तबादले, लखनऊ समेत कई जिलों में बदले पुलिस अधिकारी