जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर की खूबसूरत वादियां इन दिनों बर्फबारी से ढकी हुई हैं। घाटी में बर्फबारी का पर्यटक जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। इस बीच, भारतीय रेलवे ने एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में एक ट्रेन बर्फबारी के खूबसूरत नजारों के बीच से होकर गुजरती नजर आ रही है। अगर आपको पहले से न बताया जाए कि यह भारत के कश्मीर का दृश्य है तो ऐसा हो सकता है कि इस वीडियो क्लिप को आप किसी यूरोपीय देश का समझ लें। इंडियन रेलवे की ओर से शेयर किया गया यह वीडियो क्लिप 44 सेकंड है। इसका हर एक मोमेंट इतना सुदंर है कि देखते ही बनता है।
रेलवे की ओर से शेयर किए गए वीडियो में दिख रहा है कि ट्रेन पहले धीमी गति से स्टार्ट होती है। रेलगाड़ी के सामने वाला शीशा बर्फ से ढका हुआ है जो साफ होता नजर आता है। ट्रेन की पटरियों पर भी ढेर सारा बर्फ जमा हुआ है जो उसके आगे बढ़ने से हटता जाता है। यह दृश्य बड़ा ही खूबसूरत लगता है। पटरियों के अलावा, आसपास के इलाके भी बर्फ की चादर से ढके हुए दिखाई दे रहे हैं। इसे ऐसे भी कहा जा सकता है कि मानो ट्रेन किसी बर्फ के घर से होकर गुजर रही हो। यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग भी इसे देखर हैरान हैं। साथ ही इंटरनेट यूजर्स इस खूबसूरती की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने तो इस ट्रेन से यात्रा का अनुभव लेने की बात भी लिखी है।
घाटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे
बता दें कि कश्मीर के लोगों को शीतलहर से कुछ राहत मिली है लेकिन शनिवार को भी घाटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग स्कीइंग रिजॉर्ट में तापमान शून्य से नीचे सात डिग्री सेल्सियस गिर गया। दक्षिण कश्मीर में पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि बीती रात घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.7 डिग्री और काजीगुंड में शून्य से नीचे 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम, काजीगुंड और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग चार डिग्री नीचे रहा।

More Stories
Epstein Files पर राहुल गांधी के आरोपों पर भड़के हरदीप पुरी, बोले– बेबुनियाद हैं सभी दावे
बच्चे के आधार में ऑनलाइन अपडेट कैसे करें? नए ऐप में ऑप्शन न दिखे तो अपनाएं ये आसान तरीका
अब सफर बनेगा सुरीला: भारत के इस शहर में शुरू हुई ‘मेलोडी रोड’ की अनोखी पहल