सहारनपुर
यूपी के सहारनपुर में शादी का अनोखा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. दरअसल, यहां दूल्हे ने अपनी शादी में खुद पुरोहितों की तरह वैदिक मंत्र पढ़कर विवाह की रस्में पूरी कीं. यह देखकर परिवार और बारात में आए लोग हैरान रह गए. इस अनोखी तरह की शादी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र के रहने वाले प्रवीण कुमार के बेटे विवेक की शादी थी. बारात हरिद्वार जिले के कुंजा बहादुरपुर गांव गई थी. शादी में पारंपरिक रस्मों के बीच जब शादी की मुख्य विधि का समय आया तो विवेक ने सभी को हैरान कर दिया. विवेक ने कहा कि वह अपना विवाह संस्कार खुद ही संपन्न कराएगा. यह सुनकर वहां मौजूद रिश्तेदार और अन्य लोग चौंक गए.
दूल्हा विवेक कुमार अपनी शादी में खुद ही पुरोहित की तरह जिम्मेदारी निभाने लगा. विवेक गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा है, उसने अपनी शादी के सभी धार्मिक संस्कार स्वयं संपन्न कराए.
बारात की आवभगत के बाद दूल्हा-दुल्हन ने स्टेज पर एक दूसरे को वरमाला पहनाई. इसके बाद जब दूल्हा-दुल्हन फेरे लेने के लिए पहुंचे तो दूल्हे विवेक ने दुल्हन के साथ हवन के सामने बैठकर मंत्रोच्चारण शुरू किया. विवेक ने पूरे आत्मविश्वास के साथ वैदिक मंत्रों का पाठ किया और शादी की सभी रस्में पूरी कीं. इस दौरान न केवल वर-वधू के परिवार, बल्कि पंडित सहित अन्य लोग उपस्थित थे, जो हैरान रह गए.
विवेक की धार्मिक कर्मकांडों में गहरी रुचि है. उसने वैदिक मंत्रों का अध्ययन किया है. विवेक शादी जैसे पवित्र संस्कार को गहराई से समझना चाहता था, इसीलिए उसने यह निर्णय लिया. विवेक ने पहले अखबार बांटने का काम किया है. उसने मेहनत से आगे बढ़ते हुए शिक्षा प्राप्त की. विवेक की यह शादी गांव और आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग विवेक की विद्वता और आत्मविश्वास की तारीफ कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर इस शादी का वीडियो वायरल हो रहा है.

More Stories
इंदौर और जबलपुर की तर्ज पर प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में बनेंगे “गीता भवन” : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 16 मार्च को अभिमुखीकरण कार्यक्रम में होंगे शामिल
अध्ययन भ्रमण विभिन्न दृष्टिकोणों को समझने, सीखने का सुअवसर : राज्यपाल पटेल