न्यूयार्क
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि रूसी तेल खरीदने को लेकर भारत पर टैरिफ (शुल्क) लगाना आसान काम नहीं है और यह ‘‘भारत के साथ दरार पैदा करता है।'' ट्रंप ने शुक्रवार को ‘फॉक्स एंड फ्रेंड्स' को दिये साक्षात्कार में कहा, ‘‘देखिए, भारत उनका (रूसी तेल का) सबसे बड़ा ग्राहक है। मैंने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया क्योंकि वे रूस से तेल खरीद रहे हैं। यह कोई आसान काम नहीं है। यह एक बड़ी बात है और इससे भारत के साथ दरार पैदा होती है।''
अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा गया था कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर शिकंजा कसने का क्या मतलब है, जिसके जवाब में ट्रंप ने यह कहा। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं यह पहले ही कर चुका हूं। मैंने बहुत कुछ किया है।'' ट्रंप ने कहा, ‘‘और याद रखें कि यह हमारी समस्या से कहीं अधिक यूरोप की समस्या है।'' साक्षात्कार में, ट्रंप ने अपने इस दावे को भी दोहराया कि उन्होंने राष्ट्रपति के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में अब तक सात संघर्षों को सुलझाया है।
ट्रंप ने कहा, ‘‘मैंने सात संघर्ष सुलझाए हैं। मैंने कई संघर्ष सुलझाए, जिनमें पाकिस्तान और भारत भी शामिल हैं, साथ ही बड़े संघर्ष, जिनमें से कुछ अनसुलझे थे, जैसे कांगो और रवांडा। मैंने उन्हें सुलझाया। यह 31 सालों से चल रहा था, लाखों लोग मारे गए। मैंने ऐसे संघर्ष सुलझाए जो अनसुलझे थे।'' रूस से कच्चे तेल की खरीद का बचाव करते हुए, भारत यह कहता रहा है कि उसकी ऊर्जा खरीद राष्ट्रीय हित और बाजार की गतिशीलता से प्रेरित है।

More Stories
इमरान खान की आंखों पर सस्पेंस खत्म! पाक कानून मंत्री बोले—70% नजर ठीक, चश्मे से देख सकते हैं
खालिस्तानी निज्जर था भी खतरे में, निखिल गुप्ता का बड़ा खुलासा अमेरिकी एजेंसी के सामने
बांग्लादेशी संसद में केवल 4 अल्पसंख्यक सांसद, हिंदू प्रतिनिधित्व पर सवाल – तारिक रहमान ने दी एकता की अपील