November 27, 2026

स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 बना वैश्विक मंच, 20 से अधिक देशों की सहभागिता

आरएनटीयू में विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 का रंगारंग आगाज, 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने की सहभागिता, डॉ. संतोष चौबे ने कहा- अब वैश्विक आंदोलन बन गया है विश्वरंग

आरएनटीयू में विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 का हुआ शुभारंभ, भारतीय भाषाओं, साहित्य, कला और संस्कृति के वैश्विक विस्तार पर हुआ विमर्श, 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने की शिरकत

भोपाल
रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल में विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 के आठवें संस्करण का रंगारंग आगाज हुआ। 27 से 29 नवंबर तक आयोजित इस उत्सव में 20 से अधिक देशों के साहित्यकार, शिक्षाविद, भाषाविद, प्रवासी रचनाकार और सांस्कृतिक प्रतिनिधि सहभागिता कर रहे हैं। इस उत्सव के पहले दिन कई सत्र आयोजित किए गए। जिसमें भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और प्रवासी भारतीय विषय से लेकर हिंदी मीडिया की बदलती भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत शोभा यात्रा और ध्रुपद संस्थान के वृंद गायन के साथ हुई। इस दौरान रचनाकारों को विश्वरंग भाषा अलंकरण और विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड से सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में विश्वरंग के निदेशक एवं आरएनटीयू के कुलाधिपति वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. संतोष चौबे, प्रति-कुलाधिपति डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, प्रवासी भारतीय शोध केंद्र के सलाहकार डॉ. जवाहर कर्णावत, हिंदुस्तानी प्रचार सभा मुंबई के ट्रस्टी अरविंद डेगवेकर, एमिटी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर उदय नारायण सिंह, पद्मश्री उमाकांत गुन्देचा और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), विदेश मंत्रालय के उप महानिदेशक डॉ. राजेश रंजन, विजयदत्त श्रीधर, राजमणि श्रीवास्तव, अमिता दुबे, आरएनटीयू के कुलगुरु प्रो. रवि प्रकाश दुबे, रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। वहीं अपनी प्रभावशाली वाक्शैली से मंच का संचालन टैगोर प्रदर्शनकारी एवं दृष्य कला केंद्र के समन्वयक विनय उपाध्याय ने किया।

विश्वरंग ने वैश्विक समुदाय तैयार किया: डॉ. संतोष चौबे
उद्घाटन सत्र में भारतीय भाषाओं, साहित्य, कला, संस्कृति और प्रवासी समुदायों के वैश्विक जुड़ाव पर विमर्श हुआ। डॉ. संतोष चौबे ने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वरंग ने भारतीय भाषाओं और संस्कृति के पक्ष में एक वैश्विक समुदाय तैयार किया है, जिसमें 10 लाख से अधिक लोग शामिल हैं। विश्वरंग हिंदी के साथ उर्दू, संस्कृत, अन्य भारतीय भाषाओं और बोलियों के विकास के लिए भी कार्य कर रहा है। विश्वरंग में 21 देशों की रचनाओं को स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वरंग अब वैश्विक आंदोलन बन गया है।

डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि विश्वरंग का उद्देश्य भारतीय कला, साहित्य और हिंदी भाषा का प्रसार करना है। 15 देशों से शुरू हुई विश्वरंग की यात्रा आज 70 से अधिक देशों तक पहुंच चुकी है। डिजिटल माध्यमों सहित इसकी पहुंच पांच करोड़ से अधिक लोगों तक बनी है। उन्होंने नई पीढ़ी को भारतीय भाषाओं से जोड़ने, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं एवं विश्वविद्यालयों के साथ सहभागिता बढ़ाने और नई परियोजनाओं के विस्तार पर जोर दिया।

पद्मश्री उमाकांत गुन्देचा ने कहा कि विश्वरंग में शामिल होकर उन्हें गौरव का अनुभव हो रहा है। उन्होंने डॉ. संतोष चौबे के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और योगदान की सराहना की।

डॉ. जवाहर कर्णावत ने कहा कि विश्वरंग ने प्रवासी रचनाकारों को एक स्थायी मंच प्रदान किया है। इसके माध्यम से 100 से अधिक रचनाएं प्रकाशित हुई हैं। केन्या और दक्षिण कोरिया के बाद अब इटली में भी विश्वरंग का आयोजन होने जा रहा है। अरविंद दिग्वेकर ने कहा कि विश्वरंग साहित्य, भाषा, कला और संगीत से जुड़ा वैश्विक मंच है। साहित्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और मानवीय मूल्यों को जीवित रखने का माध्यम है।

प्रो. उदय नारायण सिंह ने कहा कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर ने संस्कृति और प्रकृति को एक-दूसरे में समाहित माना। विश्वरंग उनके विचारों और सृजन की परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। डॉ. राजेश रंजन ने कहा कि हिंदी का भविष्य सही हाथों में है।

गिरमिटिया भारतीयों ने संस्कारों को संरक्षित रखा: श्रीधर
इसके अलावा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और प्रवासी भारतीय विषय पर आयोजित सत्र में वरिष्ठ पत्रकार विजयदत्त श्रीधर विजयदत्त श्रीधर ने कहा कि गिरमिटिया भारतीयों ने विभिन्न देशों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ भारतीय संस्कारों और संस्कृति को संरक्षित रखा है। राजमणि श्रीवास्तव ने प्रवासी भारतीयों और स्वाधीनता आंदोलन पर प्रस्तुति देते हुए अभिलेखागार के भ्रमण तथा प्रवासी भारतीयों द्वारा प्रकाशित पत्रिकाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।

राकेश पांडेय ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में प्रवासी भारतीयों के योगदान और गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। अमिता दुबे ने पत्रिकाओं और कविताओं के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाली महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया। तो वहीं चिंतामणि मास्टर ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में प्रवासी महिलाओं और अन्य प्रवासी भारतीयों के योगदान पर प्रकाश डाला।

प्रवासी भारतीय साहित्य के बदलते स्वर पर विमर्श
सातवें सत्र में प्रवासी भारतीय साहित्य के बदलते स्वर पर विमर्श हुआ। डॉ. संतोष चौबे ने प्रवासी भारतीय साहित्य पर तकनीक के प्रभाव को रेखांकित करते हुए साहित्य में आए बदलावों के विभिन्न कारकों पर शोध और गंभीर विमर्श की आवश्यकता बताई। शिखा वासनेय ने प्रवास के कारण भाषा और साहित्य में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए प्रवासी लेखन में भारतीय और ब्रिटिश संस्कृति, भाषा एवं राजनीति के समागम पर प्रकाश डाला।

अर्चना पैन्यूली ने गिरमिटिया प्रवासियों से शुरू हुई प्रवासी साहित्य की यात्रा का उल्लेख करते हुए समकालीन लेखन में पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, समानता और मानवाधिकार जैसे विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अनिल जोशी ने ब्रिटेन में भारतीय समुदाय की बदलती सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति का उल्लेख करते हुए वैश्वीकरण के प्रभाव से भारतीय और प्रवासी भारतीय साहित्य के बीच कम होती दूरियों को रेखांकित किया।

दिव्या माथुर ने प्रवासी नई पीढ़ी में कविता लेखन की बढ़ती रुचि और दो संस्कृतियों से जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रवासी जीवन स्वयं में एक कहानी है। दामोदर खड़से ने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रवासी साहित्य की आलोचना प्रवासी भारतीयों द्वारा किए जाने तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य और उभरते राष्ट्रवाद को साहित्य में स्थान देने पर जोर दिया। मंच का संचालन कुणाल सिंह ने किया। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक उपस्थिति और सॉफ्ट पावर के रूप में हिंदी एवं भारतीय भाषाएं और विश्वविद्यालयों में हिंदी के अंतरराष्ट्रीय अध्ययन एवं शोध संभावनाओं पर भी विमर्श किया गया।

प्रवासी रचनाकारों को विश्वरंग भाषा अलंकरण से किया गया सम्मानित
इस दौरान प्रवासी रचनाकारों को विश्वरंग भाषा अलंकरण से सम्मानित किया गया। इस सम्मान से मुग्धल कीर्ति (ऑस्ट्रेलिया), अर्चना पेनुली (जर्मनी), नारायण कुमार (भारत), दामोदर खड़से (भारत), निलुफर खोंदादोयेवा (उज्बेकिस्तान), बी. जी. गोपालकृष्णन (भारत) और अनिल जोशी (भारत) को नावाजा गया। वहीं विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में विजेताओं को 11 हजार रुपये पुरस्कार राशि के साथ सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नालंदा, पटना से विश्वरंग के विशेष बुलेटिन आईसेक्ट पब्लिकेशन से प्रकाशित वनमाली हिंदी कथा पत्रिका, रंगसंवाद, विश्वरंग संवाद कविता, वनमाली सृजन पीठ, फुलब्राइट पत्रिका और ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ के नए अंक का लोकार्पण भी किया गया।

‘रंग संगीत’ में गूंजे साहित्य और लोक संस्कृति के सुर
विश्वरंग प्रवासी उत्सव के अंतर्गत आयोजित ‘रंग संगीत’ कार्यक्रम में टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा  साहित्य, लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी संगीतमयी प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में निराला, मुक्तिबोध, केदारनाथ सिंह और श्रीकांत वर्मा जैसे साहित्यकारों की कविताओं की सांगीतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद पानी, मिट्टी और बाल मजदूरी जैसे विषयों पर आधारित गीत प्रस्तुत किए गए। ब्रज की पारंपरिक होलियों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।

प्रवासी भारतीयों के सम्मान में विशेष अभिनंदन गीत ‘हम जुड़े आपके साथ, जोड़कर हाथ तुम्हारा अभिनंदन, आप हमारे आंगन आए, कब से थे हम पलक बिछाए…’ प्रस्तुत किया गया। गीतों के माध्यम से प्रवासी भारतीयों के प्रति आत्मीय स्वागत और सम्मान का भाव व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संगीत निर्देशन संतोष कौशिक ने किया। रिदम पर जीतमल सकोरिया एवं हर्ष तोमर और हैंडसोनिक पर चैतन्य आठले ने संगत दी। टैगोर ड्रामा स्कूल के 20 विद्यार्थियों का समूह भी प्रस्तुति में शामिल रहा।