भोपाल
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोहरे के चलते ज्यादातर जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। घने कोहरे की वजह से आवाजाही प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां रात में पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के 7 जिलों को छोड़ दें तो बाकी 45 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के राजगढ़ में 6, रतलाम में 6.5, सागर में 7, इंदौर में 7.3, भोपाल-रायसेन में 7.4, नौगांव में 7.5, धार में 7.7, पचमढ़ी, खजुराहो, उज्जैन में 8, उमरिया में 8.3, नरसिंहपुर में 8.4, दमोह, सिवनी में 9, बैतूल, रीवा में 9.5 और जबलपुर में रात का तापमान 9.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इसके चलते भोपाल समेत ज्यादातर जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। भोपाल में सरकारी और निजी स्कूलों का समय सुबह 9:30 बजे और दो पालियों में लगने वाले स्कूलों का समय सुबह नौ बजे किया है। जबकि आंगनवाड़ी भी 9:30 बजे बाद शुरू होंगे। वहीं, मुरैना, भिंड और शिवपुरी जिलों में कक्षा आठ तक की स्कूलों में सात जनवरी तक छुट्टी घोषित हो गई है। स्कूलों की टाइमिंग बदलने की घोषणा सतना, रीवा, सागर, उमरिया समेत अन्य जिलों में भी की गई है।
मौसम विशेषज्ञ कि मानें तो अगले एक-दो दिन कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा रहेगा। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर से कुछ दिन पहले ही पश्चिमी विक्षोभ गुजरा है। इसकी वजह से उत्तर भारत से ठंडी हवाएं आ रही हैं। इससे ही पारा लुढ़का है। एक-दो दिन में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने पर तापमान में बढ़ोतरी होगी। फिलहाल तो यही स्थिति बनी रहेगी।
इतना ही नहीं ठंड के प्रकोप को देखते हुए मौसम विभाग ने रीवा, सागर, भोपाल, चंबल और ग्वालियर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि नीमच, मंदसौर और नर्मदापुरम जिलों में मध्यम से घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सागर और छतरपुर जिलों में कोल्ड डे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

More Stories
35 साल पुराने केस पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: इलाहाबाद हाईकोर्ट से मांगा मुकदमों और कैदियों का पूरा ब्योरा
भोपाल के करोंद में भीषण आग: KFC आउटलेट के पास बिल्डिंग धधकी, इलाके में मचा हड़कंप
CBSE 12वीं रिजल्ट में भोपाल रीजन का प्रदर्शन: 79.43% छात्र हुए पास