उज्जैन
मध्यप्रदेश में लाखों श्रद्धालु नए साल का आगाज भगवान महाकाल के दर्शन के साथ कर रहे हैं। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर प्रशासन के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक 2 लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। मंदिर में पहले दिन सोमवार को 8 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इससे पहले 2016 में सिंहस्थ के शाही स्नान के पहले दिन उज्जैन में 6 लाख श्रद्धालु आए थे।
साल के पहले दिन लाखों भक्तों ने महाकाल मंदिर में जाकर भक्तिभाव मे लीन होकर नववर्ष की शुरुआत की। यहां नववर्ष के पहले दिन मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं ने चलित भस्म आरती में बाबा के दिव्य दर्शन किए। बाबा का आशीर्वाद लेकर नए साल की शुरुआत कर सफलता और सुख शांति की प्रार्थना की।
भूतभावन बाबा महाकाल को कालों का काल कहा जाता है, इसलिए वे काल के अधिष्ठाता हैं, लिहाजा नया साल अच्छा बीते, इसी कामना के साथ लाखों भक्त बाबा महाकाल के दरबार से नए साल की शुरुआत करते दिखाई दिए। इस अवसर पर श्रद्धालुओ को नए साल का जश्न मनाने का मौका भी मिल गया। वैसे नववर्ष के अवसर पर महाकाल मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए महाकाल मंदिर में दर्शनार्थियों को चलित भस्म आरती के रूप में बाबा महाकाल के दर्शन करवाए गए।
गर्म जल से स्नान फिर हुआ पंचामृत पूजन
भगवान महाकाल के दरबार में नववर्ष की सुबह भस्म आरती से पहले भगवान महाकाल को गर्म जल से स्नान कराया गया। इसके बाद दूध, दही, शहद, शक्कर और फलों के रस से भगवान का पंचामृत पूजन हुआ। भगवान महाकाल को पूजन के बाद सूखे मेवे और भांग से सजाया गया। राजाधिराज भगवान महाकाल ने नववर्ष की सुबह आकर्षक स्वरूप में दर्शन दिए।

More Stories
लखनऊ में 15 अगस्त से हाउस टैक्स OTS, ब्याज पर मिलेगी 100% छूट
लखनऊ में नौसेना शौर्य संग्रहालय तैयार, दो सप्ताह तक मुफ्त मिलेगा प्रवेश
UP Election 2027: मायावती का कमबैक प्लान बिगाड़ेगा अखिलेश-योगी का खेल? BSP ने कसी कमर