August 23, 2026

स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

पीएम पोषण रसोइयों को सम्मानित करेंगे सीएम योगी, देंगे कैशलेस चिकित्सा कार्ड

लखनऊ

जो हाथ हर दिन विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर उनके पोषण और स्वास्थ्य को मजबूती देते हैं, योगी सरकार अब उन्हीं हाथों के श्रम को सम्मान के साथ सुविधा देने जा रही है। पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों के योगदान को केंद्र में रखते हुए 23 अगस्त को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ के जुपिटर सभागार में सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में प्रस्तावित इस कार्यक्रम में उनके हाथों मंच पर 11 रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि प्रदेशभर से 1500 रसोइयों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। खास बात यह है कि इसी दिन जनपद एवं तहसील स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रदेशभर में रसोइयों के सम्मान का संदेश एक साथ पहुंचेगा।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी के निर्देशों के अंतर्गत संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने और आपसी समन्वय से आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। यह पहल पीएम पोषण योजना को जमीन पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने वाले रसोइयों के योगदान को सार्वजनिक पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सम्मान के केंद्र में होंगे पीएम पोषण के रसोइए

कार्यक्रम में प्रदेश के राजकीय, परिषदीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले इन रसोइयों को सम्मान देने के लिए राज्य से लेकर स्थानीय स्तर तक व्यापक तैयारियां की गई हैं।

23 अगस्त को जनपद और तहसील स्तर पर भी आयोजन

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ 23 अगस्त को जनपद एवं तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को उपलब्ध सभागारों का उपयोग करते हुए कार्यक्रम आयोजित करने तथा रसोइयों के सम्मान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री के हाथों 11 रसोइयों का सम्मान

राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों मंच पर 11 रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 1500 रसोइयों को कार्यक्रम में सहभागी बनाया जाएगा। उनके आवागमन, आमंत्रण, स्वागत, जलपान एवं भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।

सम्मान के साथ सुविधा और सुरक्षा पर जोर

रसोइयों को कैशलेस कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ बैंक और यूपीआई क्यूआर कोड से संबंधित व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। भोजन तैयार करने के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेड कवर, ग्लव्स एवं एप्रन किट उपलब्ध कराने की तैयारी है।

पीएम पोषण की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पीएम पोषण योजना की उपलब्धियों और रसोइयों के योगदान पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। योजना की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट, पोस्टर और फ्लेक्स के माध्यम से भी पीएम पोषण की उपलब्धियों को सामने लाया जाएगा। इससे बच्चों को मिलने वाले पोषण तथा योजना को जमीन पर लागू करने में रसोइयों की भूमिका को सार्वजनिक पहचान मिलेगी।

कोट:

पीएम पोषण रसोइए बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला हैं। माननीय मुख्यमंत्री जी के हाथों मंच पर 11 रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा। योगी सरकार उनके सम्मान, सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

संदीप सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश