स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

मध्यप्रदेश पुलिस की संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई

भोपाल 

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध अपनाई जा रही जीरो टॉलरेंस नीति, वैज्ञानिक विवेचना, आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग एवं सतत मॉनिटरिंग के सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में गुना पुलिस ने थाना फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में हुई चोरी का मात्र 06 दिनों में सफल खुलासा करते हुए सभी आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली है। प्रकरण में 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ 47 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए गए हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

यह सफलता पुलिस अधीक्षक मती हितिका वासल के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  प्रशांत सिंह सुमन, एसडीओपी गुना  विवेक अष्ठाना तथा पुलिस टीमों के सुनियोजित रणनीति, उत्कृष्ट समन्वय और निरंतर फील्ड ऑपरेशन के माध्यम से प्राप्त हुई है।

दिनांक 02-03 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि ग्राम चक चुरेला निवासी  बाबूलाल मीना के घर से अज्ञात बदमाश तिजोरी ओर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए थे। तिजोरी में लगभग 2 से 2.5 किलोग्राम सोने के आभूषण, लगभग 3 किलोग्राम चांदी के जेवर, 11 लाख 50 हजार रुपये नकद रखे थे। घटना के बाद थाना फतेहगढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर विशेष जांच प्रारंभ की गई।

घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं होने के बावजूद पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच पद्धति अपनाते हुए फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों, डॉग स्क्वाड, तकनीकी साक्ष्यों के सूक्ष्म विश्लेषण, मजबूत मुखबिर तंत्र, निरंतर फील्ड ऑपरेशन, गहन पूछताछ तथा विभिन्न स्तरों पर प्राप्त सूचनाओं का विश्लेषण कर सभी आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।

पुलिस ने मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के विभिन्न जिलों में लगातार समन्वित अभियान चलाकर 08 अगस्त को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 48 लाख रुपये है, बरामद किए हैं।

प्रकरण के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी एवं शेष चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

मध्यप्रदेश पुलिस आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान, प्रभावी खुफिया तंत्र और समन्वित टीमवर्क के आधार पर अपराधियों के विरुद्ध लगातार निर्णायक कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखना मध्यप्रदेश पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्रवाई भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगी।

यह कार्रवाई पुनः सिद्ध करती है कि सुदृढ़ नेतृत्व, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण, मजबूत मुखबिर तंत्र तथा समन्वित पुलिसिंग के माध्यम से चुनौतीपूर्ण अपराधों का भी त्वरित एवं सफल अनावरण संभव है