भोपाल
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि रीवा संभाग के सभी जिलों में पिछले 6 महीने में नशीले पदार्थों के विरूद्ध अभियान चलाया गया। इस अभियान को लगातार जारी रखें। नशीले पदार्थों की बिक्री के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के साथ-साथ नशामुक्ति के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाना आवश्यक है। युवा पीढ़ी को नशे की राह में भटकने से बचाने के लिए आमजन की भागीदारी से नशामुक्ति अभियान चलाना होगा। रीवा शहर में नशामुक्ति तथा यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी विशेष प्रयास करें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सर्किट हाउस रीवा में संभाग में नशामुक्ति अभियान और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि नगर निगम और यातायात पुलिस मिलकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करें। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए स्थाई उपाय करें। नगर निगम क्षेत्र के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में पर्याप्त वाहन क्षमता की पार्किंग का निर्माण करायें। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए जनप्रतिनिधियों और आमजनों से भी सुझाव प्राप्त करें। नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर श्री बीएस जामोद, प्रभारी आईजी श्री साकेत प्रकाश पाण्डेय सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
यूपी में आतंकी खतरे को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क
MP के यामिनी और अजय बाबू ने जीता सिल्वर, सरकार देगी ₹25-25 लाख और सरकारी नौकरी
कांवड़ यात्रा सुरक्षा में एआई कैमरे, फेस रिकग्निशन और सोशल मीडिया निगरानी तेज