लुधियाना
शिव सेना (हिंद) के एक नेता के आवास पर पेट्रोल बम हमले में कथित संलिप्तता के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दो नवंबर को शिव सेना (हिंद) नेता हरकीरत सिंह खुराना के आवास पर पेट्रोल बम फेंका गया था। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था।
एक आरोपी अभी भी फरार
मंगलवार को मीडिया को संबोधित करते हुए लुधियाना के पुलिस आयुक्त कुलदीप सिंह चहल ने कहा कि घटना के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक मनीष को बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के विदेश स्थित कट्टर आतंकवादी हरजीत सिंह उर्फ लाडी से निर्देश मिल रहे थे। बाकी तीन आरोपियों की पहचान रविंदरपाल सिंह, अमित और जसविंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी लवप्रीत सिंह फरार है।
पंजाब में शांतिपूर्ण माहौल को करना चाहते थे खराब
चहल ने कहा कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी 16 अक्टूबर को शिव सेना (हिंद) नेता योगेश बख्शी के आवास पर पेट्रोल बम फेंकने में भी शामिल थे। कमिश्नर के मुताबिक इन घटनाओं के पीछे का मकसद पंजाब में शांतिपूर्ण माहौल को खराब करना था। आरोपियों ने बख्शी और खुराना को निशाना बनाना चुना क्योंकि वे दोनों आतंकवाद के खिलाफ बहुत मुखर हैं। पुलिस ने कहा कि उन्होंने अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

More Stories
PM मोदी की कैबिनेट में हो सकता है बड़ा फेरबदल, कौन होगा बाहर और किन नए चेहरों को मिल सकता है मौका?
LPG Rules Change from 1 July: गैस कनेक्शन, KYC और बुकिंग के नियम बदलेंगे, जानें क्या होगा नया
Rule Change From July 1: LPG, क्रेडिट कार्ड, कारों की कीमत समेत 1 जुलाई से बदलेंगे ये 5 बड़े नियम