भोपाल
ट्रेन के गुजरने पर फाटक बंद होने से लगने वाला जाम और लोगों का इंतजार अब कम होने वाला है। भोपाल मंडल में रेलवे 83 समपार फाटकों को चरणबद्ध तरीके से खत्म करने की तैयारी कर रहा है।
इनकी जगह आरओबी और अंडरपास बनाए जा रहे हैं। 2026-27 में 11 फाटक हटाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को ट्रेन के गुजरने तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सड़क और रेल यातायात अलग होने से ट्रैक पार करने का जोखिम घटेगा, जाम से राहत मिलेगी और लोगों का सफर अधिक सुरक्षित व सुगम होगा।
36 आरओबी चालू, 12 पर निर्माण जारी
भोपाल मंडल में 36 रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) चालू हो चुके हैं। वहीं 12 आरओबी पर काम चल रहा है, जबकि 31 आरओबी के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है।
रेलवे का लक्ष्य आने वाले समय में सभी समपार फाटकों को खत्म करना है। इससे सड़क और रेल यातायात अलग-अलग हो जाएगा और फाटक बंद होने के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
रोज सफर करने वालों का बचेगा समय
फाटक बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी नौकरी, स्कूल-कॉलेज, बाजार और अस्पताल जाने वाले लोगों को होती है। ट्रेन गुजरने तक इंतजार करने के कारण कई बार समय बर्बाद होता है और व्यस्त समय में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
आरओबी या अंडरपास बनने के बाद वाहन बिना रुके गुजर सकेंगे, जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों के समय की बचत होगी।
एंबुलेंस से लेकर ग्रामीणों तक को फायदा
फाटक बंद होने पर एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी इंतजार करना पड़ सकता है। आरओबी बनने के बाद ऐसे वाहनों को निर्बाध रास्ता मिलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी रेलवे ट्रैक पार करने की परेशानी से राहत मिलेगी। बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों के लिए आवागमन अधिक सुरक्षित होगा।
250 रेलवे कर्मचारियों की जरूरत होगी कम
समपार फाटक खत्म होने के साथ यहां तैनात कर्मचारियों की जरूरत भी कम होगी। रेलवे के अनुसार करीब 250 कर्मचारियों की बचत होगी। इन कर्मचारियों का इस्तेमाल रेलवे के दूसरे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जा सकेगा।
सुरक्षा पर फोकस
आरओबी और अंडरपास बनने के बाद वाहन चालकों को सीधे रेलवे ट्रैक पार नहीं करना पड़ेगा, जिससे हादसों का जोखिम और जल्दबाजी में नियम तोड़ने की स्थिति कम होगी।
ये है आंकड़ा
कुल समपार फाटक: 83
2026-27 में हटाए जाएंगे: 11
चालू आरओबी: 36
निर्माणाधीन आरओबी: 12
स्वीकृत आरओबी: 31
समपार फाटकों को खत्म करने का उद्देश्य रेल और सड़क यातायात को अलग करना तथा यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा बढ़ाना है। – नवल अग्रवाल, पीआरओ, भोपाल मंडल

More Stories
रेलवे की 100 साल पुरानी विरासत खोज रहा PMO, इंदौर से मांगी ऐतिहासिक धरोहरों की सूची
कस्तूरी कॉटन उत्पाद को करेंगे प्रोत्साहित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Saif Ali Khan की 1370 एकड़ जमीन पर EOW की जांच तेज, भोपाल में बढ़ा कानूनी पेंच