September 3, 2026

स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

एमवीडी लॉ कॉलेज में गूंजा ‘रंग दे बसंती’, युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

लखनऊ

 मां वैष्णो देवी एजुकेशनल लॉ कॉलेज में आगामी शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘रंग दे बसंती’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जेन-जी के साथ संवाद स्थापित करने के साथ ही उन्हें राजनीतिक जागरूकता, लोकतांत्रिक भागीदारी, नेतृत्व की समझ और आत्म-अभिव्यक्ति के लिए एक संवादात्मक मंच उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आने वाले दिनों में प्रदेश के हर कैंपस में कंटेंट क्रिएटर्स के लिए ऐसे ही अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया गया। राजनीतिक जागरूकता और लोकतांत्रिक भागीदारी को लेकर युवाओं की राय और धारणाओं को समझने का प्रयास किया गया। राजनीतिक क्विज और भाषण जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही उन्हें मतदान करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

शिक्षा, युवा भागीदारी जैसे मुद्दों पर साझा किए विचार

‘रंग दे बसंती’ टीम की ओर से युवाओं के साथ संवाद करते हुए उनके विचारों, आकांक्षाओं और समकालीन मुद्दों पर चर्चा की गई। चंद्रभूषण ने कॉलेज के प्राचार्य का साक्षात्कार लिया और जेन-जी से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं उनकी चिंताओं पर बातचीत की। इस दौरान शिक्षा, नेतृत्व, युवाओं की भागीदारी और बदलते सामाजिक परिवेश जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए।

कार्यक्रम में छात्र कंटेंट क्रिएटर्स को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। टीम की सदस्य अविका सिंह ने कॉलेज के कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद कर कंटेंट निर्माण के अवसरों, इसके लाभ और संभावित प्रोत्साहनों की जानकारी दी। आयोजन में विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता पहचानने और उसे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। इससे छात्रों को पढ़ाई के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने का अवसर भी मिला।

आगामी शिक्षक दिवस के संदर्भ में आयोजित इस कार्यक्रम में शैक्षिक गतिविधियों में शिक्षकों के योगदान को भी विभिन्न प्रतियोगिताओं और संवाद के माध्यम से रेखांकित किया गया। इस दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विजय शंकर पांडे, अधिवक्ता प्रभात सिंह समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ा और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम के दौरान ‘रंग दे बसंती’ टीम ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें अभियान से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया। 

प्रदेश स्तर पर होगा विस्तार

टीम के सदस्यों अविका सिंह, स्नेहा सिंह, चंद्रभूषण बारोड़ और विशाल तिवारी ने बताया कि ‘रंग दे बसंती’ के माध्यम से पहले भी प्रयागराज, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, मेरठ और अयोध्या समेत विभिन्न जनपदों में कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के मंच उपलब्ध कराए गए हैं। आने वाले समय में टीम प्रदेश के सभी जनपदों तक पहुंचने और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को संवाद, रचनात्मकता और आत्म-अभिव्यक्ति के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी।

रंग दे बसंती का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को कलात्मक रूप से सामने लाने के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और कैंपस में ऐसे कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा, ताकि हर कैंपस से युवा कंटेट क्रिएटर्स और प्रतिभाएं सामने आ सकें।