स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

उत्कृष्ट कार्य व संरक्षा सुनिश्चित करने वाले 5 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार

बिलासपुर

संरक्षित रेल परिचालन रेलवे प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने हेतु नियमित रूप से संरक्षा से संबन्धित विभिन्न जागरूकता अभियान चलाये जाते हैं।इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करते हुये संरक्षा सुनिश्चित करने में सराहनीय योगदान देने वाले संरक्षा प्रहरियों को प्रोत्साहित करने हेतु संरक्षा पुरस्कार भी प्रदान किया जा रहा है।

इसी संदर्भ में विगत दिनों अपनी ड्यूटी के दौरान हॉट एक्सल, रेल फ्रेक्चर की पहचान तथा असामान्य परिस्थिति को भांपते हुये सजगता के साथ कार्य कर संभावित दुर्घटना को टालने एवं संरक्षित रेल परिचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोको पायलट कोरबा श्री अमित कुमार गुप्ता, सहायक श्री ए के मौर्या, ट्रैकमेंटेनर हिमगीर श्री भीमसेन बिरुवा, सहायक कैरेज एवं वैगन कोरबा श्री अभिषेक कुमार तथा टेकनीशियन बीसीएन डिपो बिलासपुर श्री मनोज कुमार को संरक्षा पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

आज मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री प्रवीण पाण्डेय ने इन सभी संरक्षा प्रहरियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इनकी उत्कृष्ट व संरक्षित भरे कार्य की प्रशंसा की गई तथा इसी उत्साह के साथ भविष्य में भी कार्य करते रहने की शुभकामनायें दी। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री श्याम सुंदर, श्री देवराज सहित सभी शाखाधिकारी उपस्थित थे।