स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती धूमधाम के साथ मनाई

वाहन शोभायात्रा का भी किया गया आयोजन

मंडला/जबलपुर
निवास विकासखंड के अंतर्गत मेहरासिवनी ग्राम में बसपा गोंगपा और अन्य पिछड़े वर्ग के संयुक्त तत्वाधान में  जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का संचालन चमन लाल चौधरी ने किया। रविदास जी के 646 वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आसपास के गांव से भी बड़ी संख्या में लोग जुटे,वहीं कार्यक्रम का शुभारंभ उनके प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

जिसके बाद वाहन शोभायात्रा संत रविदास मंदिर मेहरासिवनी ग्राम से आरंभ हुई जो पिपरिया,और निवास नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शोभायात्रा वापस संत रविदास मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग एवं युवाओं के साथ ही गणमान्य नागरिक शामिल हुए। वहीं इस शोभायात्रा में चल रहे श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी अमर रहे, रविदास शक्ति अमर रहे, जय गुरुदेव और रविदास जी महाराज की जय के जयकारे लगाए गए।वहीं उक्त कार्यक्रम में पहुंचे वक्ताओं ने कहा कि सतगुरु रविदास जी भारत के महान महापुरुषों में से एक हैं। जिन्होंने अपने आध्यात्मिक वचनों से सारे संसार को एकता भाईचारा से जोड़ने का काम कर मानव को अपने कर्मों पर विश्वास करने का आह्वान किया था।

उन्होंने जीवन भर समाज में फैली कुरीति जैसे जात पात के अंत के लिए काम किया। और संत शिरोमणि रविदास के आदर्श सूत्रों पर चलकर ही समाज में फैली कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने देश के विकास एवं समाज के उत्थान को समाज में भाईचारा एवं संतों के आदर्शों को स्थापित करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।  मुख्य अतिथि बसपा जिलाध्यक्ष उदय चौधरी ने कहा कि संत रविदास जी और इनके बताये रास्ते पर चलकर ही एक बार फिर भारत को उत्कृष्ट राष्ट्र बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के बाद भंडारे का भी आयोजन किया गया था।