October 28, 2024

स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

PHQ में मची हलचल कई वर्षो से जमे अफसरों की जानकारी तलब

 भोपाल

जिलों में सालों से जमे पुलिस अफसरों की जानकारी पुलिस मुख्यायल ने तलब की है। हर जिले से यह जानकारी बुलाई गई है। इस जानकारी को इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। चुनाव से पहले ऐसे सभी अफसरों को हटाया जाएगा जिन्हें एक ही जिले और एक ही जगह पर तीन साल होने वाले हैं।

सूत्रों की मानी जाए तो मार्च में चुनाव आयोग के साथ पुलिस अफसरों की बैठक होने वाली है। इस बैठक से पहले पुलिस मुख्यालय हर ऐसी जानकारी से अपडेट हो रहा है जो उसके महकमे से संबंधित चुनाव की प्रक्रिया से जुड़ी हो सकती है। इसके लिए मुख्यालय के अफसर जहां चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी आयोग को दे सकते हैं। वहीं वे उन अफसरों की भी जानकारी आयोग को देंगे, जिन्हें एक ही जिले में और एक ही जगह पर तीन साल पूरे होने जा रहे हैं।

इस बैठक से पहले पुलिस मुख्यालय से सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ ही अन्य आला अफसरों से यह जानकारी मांगी है। जानकारी जल्द ही पुलिस मुख्यालय सभी को भेजना होगी। इस जानकारी के आधार पर अफसरों के तबादले भी किए जा सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय ऐसे सभी अफसरों को बदलेगा जिन्हें एक ही जगह पर दो साल से ज्यादा का समय हो गया है।