अमरोहा
यूपी के अमरोहा में एक युवक को जीवनसाथी चुनने वाली तीन बहनें इस समय सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। तीनों को लगातार ट्रोल किया जा रहा है। हिंदुवादी संगठनों में भी तीनों को लेकर आक्रोश है। पुलिस से भी शिकायत की गई है। इसे लेकर तीनों कोतवाली के बाद सीओ कार्यालय पहुंची। यहां तीनों ने दो टूक कह दिया कि अपनी मर्जी से उन्होंने जीवनसाथी चुना है। अब चाहें जमाना इसे गलत समझे या सही। इससे उन पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। तीनों ने सनातन धर्म के कई राजाओं-महाराजाओं का उदाहरण भी दिया। तीनों के बयान सुनने के बाद पुलिस ने मामले में कोई कानूनी कार्रवाई फिलहाल नहीं की है।
बचपन से एक दूसरे से बेहद लगाव रखने वाली दो सगी और एक मौसेरी बहनों ने बीते रविवार को नगर के एक मंदिर में नजदीकी गांव निवासी एक युवक से शादी की थी। शादी का वीडियो वायरल होने के बाद तमाम लोगों ने इस पर आपत्ति उठानी शुरू कर दी। पुलिस से भी शिकायत की गई।
मामले ने तूल पकड़ा तो गुरुवार को तीनों बहनें व उनका पति कोतवाली पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी से कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से युवक को जीवनसाथी चुना है और बालिग होने की वजह से उन्हें सही-गलत की समझ है। इसके बाद चारों सीओ पंकज त्यागी के कार्यालय पहुंच गईं। यहां भी वही बात दोहराई। कहा कि वह तीनों आपस में बेहद प्यार करती हैं।
कहा कि परिजनों ने सबसे बड़ी बहन की शादी के लिए लड़का देखा तो तीनों को अब अलग होने का डर सताने लगा। इसके बाद तीनों ने किसी एक लड़के को अपना जीवन साथी चुनने का फैसला किया। इसके चलते ही एक ही जीवनसाथी चुन लिया। पड़ोसी गांव के फोटोग्राफर युवक से तीनों ने शादी कर ली। अब तीनों एक साथ रहकर खुश हैं। पुलिस ने कहा कि कुछ लोग उनकी शादी को लेकर आपत्ति जता रहे हैं। इस पर युवतियों ने सनातन धर्म से जुड़े कई राजाओं का उदाहरण भी दिया।
परिजनों ने कहा, हम नहीं चाहते कानूनी कार्रवाई
हसनपुर। गुरुवार को मामला मीडिया की सुर्खियां बना तो पुलिस पहले लड़कियों और इसके बाद लड़के के गांव पहुंच गईं। ग्रामीणों व परिजनों से बात की। परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से वह घर नहीं आए हैं। पुलिस ने कार्रवाई कराने के लिए तहरीर देने को कहा तो परिजनों ने साफ इनकार कर दिया। कहा कि हम इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।

More Stories
युवाओं के हित में कार्य कर रही है सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
योगी सरकार के 94 पुलिस अधिकारियों ने सीखी फॉरेंसिक विज्ञान की बारीकियां
मुख्यमंत्री योगी का दो दिवसीय आगरा दौरा शनिवार से, 342 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात