स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

241 रन से हारा वेस्टइंडीज, शोएब के कमाल से इंग्लैंड की जीत

नॉटिंघम
 दूसरी पारी में जो रूट और हैरी ब्रूक की दमदार शतकीय पारी से इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन वेस्टइंडीज को 241 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही मेजबान इंग्लैंड की टीम ने तीन मैचों की इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। मैच में इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए अपनी पहली पारी में ओली पोप के शतक की मदद से 416 रन बनाए थे। इस स्कोर के जवाब में वेस्टइंडीज ने भी पलटवार किया और 457 रन बनाकर 41 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी।

हालांकि, इसके बाद दूसरी पारी में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने जबरदस्त बैटिंग की। खास तौर से हैरी ब्रूक और जो रूट ने तो कैरेबियाई गेंदबाजों के नाक में दम कर दिया। इन दोनों ही बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के लिए शतक लगाया। इस तरह मेजबान टीम की दूसरी पारी 425 रनों पर सिमट गई। चौथे दिन के आखिरी सेशन में खेलने उतरी वेस्टइंडीज की टीम इंग्लैंड के गेंदबाजों के आगे नहीं टिक पाई और सिर्फ 143 रन बनाकर ढेर हो गई और इंग्लैंड ने मैच को अपने नाम कर लिया।

शोएब बशीर ने खोला चौथी पारी में पंजा

वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड के फिरकी गेंदबाज शोएब बशीर ने चौथी पारी में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। शोएब बशीर ने 41 रन देकर पांच विकेट लिए। वहीं मैच में उन्होंने कुल 7 विकेट अपने नाम किए। चौथी पारी में बशीर के अलावा क्रिस वोक्स और गस एटकिंसन ने दो-दो विकेट लिए। जबकि मार्क वुड को सिर्फ एक विकेट मिल पाया। पहली पारी में क्रिस वोक्स ने चार विकेट झटके थे।

क्रीज पर टिक नहीं पाए वेस्टइंडीज के बल्लेबाज

चौथी पारी में लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बुरी तरह से फ्लॉप रहे। दूसरी पारी में जिस तरह से उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया था वैसा वह चौथी पारी में नहीं कर पाए। वेस्टइंडीज की तरफ से सबसे ज्यादा क्रेग ब्रेथवेट ने 47 रनों की पारी खेली। इसके अलावा जेसन होल्डर ने 37 रन बनाए। हालांकि, वेस्टइंडीज के लिए डेब्यू करने वाले केवम हॉज ने जरूर पहली पारी में शतकीय पारी खेली थी, लेकिन दूसरी पारी में वह कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए।

रैथवेट-लुइस ने वेस्टइंडीज को दी थी अच्छी शुरुआत

इंग्लैंड के लिए चौथी पारी की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही, क्योंकि वेस्टइंडीज के कप्तान क्रैग ब्रैथवेट और मिकाइल लुइस ने पहले विकेट के लिए 13.1 ओवर में 61 रन जोड़ लिए। हालांकि, ड्रिंक्स के बाद क्रिस वोक्स ने पहली गेंद पर ही विकेट चटका दिया। इसके बाद वेस्टइंडीज के विकेटों का पतन शुरू हो गया।
वेस्टइंडीज ने 6 ओवर में गंवाए 5 विकेट

वेस्टइंडीज ने छह ओवर में पांच विकेट खो दिए, जिसमें शोएब बशीर के हिस्से में 3 विकेट आए। एलिक एथनाज और कावेम हॉज ने पहली पारी में मिलकर 175 रन बनाए थे, जबकि वे दूसरी पारी में कुल 1 रन बना पाए। जेसन होल्डर और जोशुआ डिसिल्वा ने वेस्टइंडीज का स्कोर 91/6 होने के बाद पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन उनका प्रयास ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया और इंग्लैंड जीत के करीब पहुंच गया।
शोएब बशीर की गेंद पर खत्म हुआ दूसरा टेस्ट

मार्क वुड की गेंद पर केविन सिंक्लेयर ने अपना विकेट गंवाया और फिर शोएब बशीर ने शमार जोसेफ को विकेट झटककर मैच को समाप्त करते हुए इंग्लैंड को सीरीज में जीत दिला दी। इससे पहले जो रूट (122) और हैरी ब्रूक (109) के शतकों की मदद से इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 21 जुलाई को 425 रन बनाए और वेस्टइंडीज के सामने दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में जीत के लिए 385 रन का लक्ष्य रखा।

इंग्लैंड ने सुबह तीन विकेट पर 248 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। तब रूट 37 और ब्रूक 71 रन पर खेल रहे थे। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी की। इससे इंग्लैंड निचले मध्यक्रम के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बावजूद मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
रूट का 32वां और ब्रूक का 5वां टेस्ट शतक

जो रूट ने अपने करियर का 32वां, जबकि हैरी ब्रूक ने पांचवां टेस्ट शतक लगाया। वेस्टइंडीज के सबसे सफल गेंदबाज जॉडेन सील्स (97 देकर 4 विकेट) ने ब्रूक को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी। जो रूट ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन दूसरी तरफ से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। हैरी ब्रूक ने अपनी पारी में 132 गेंद का सामना करते हुए 13 चौके लगाए। जेसन होल्डर ने रूट की पारी का अंत किया।

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज ने आठवें नंबर के विकेट के रूप में आउट होने से पहले 178 गेंद खेली और 10 चौके लगाए। निचले क्रम में गस एटकिंसन ने नाबाद 21 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 416 रन बनाए थे। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 457 रन बनाकर 41 रन की बढ़त हासिल की थी।

इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज दूसरे टेस्ट मैच में बने ये रिकॉर्ड

    शोएब बशीर अब घरेलू मैदान पर टेस्ट मैच (पुरुष) में 5 विकेट लेने वाले इंग्लैंड के सबसे युवा गेंदबाज हैं। इससे पहले जेम्स एंडरसन सबसे युवा गेंदबाज थे।

    शोएब बशीर घरेलू धरती पर टेस्ट मैच में 5 विकेट लेने वाले 21 वर्ष से कम आयु के पहले इंग्लिश स्पिनर बन गए हैं।

    शोएब बशीर साल 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के 8/70 के बाद ट्रेंट ब्रिज में 5 विकेट लेने वाले पहले स्पिनर हैं।

    2000 के बाद से इंग्लैंड की धरती पर वेस्टइंडीज की यह लगातार 8वीं टेस्ट सीरीज़ हार है। इससे पहले उन्होंने 1988 में इंग्लैंड में सीरीज़ जीती थी।

2000 के बाद से 1 टेस्ट मैच में तीन पारियों में 400+ का स्कोर

    साल 2006: पाकिस्तान बनाम भारत, फैसलाबाद
    साल 2008: ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत, सिडनी
    साल 2009: भारत बनाम श्रीलंका, अहमदाबाद
    साल 2024: इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज, ट्रेंट ब्रिज
    नोट: यह पहला टेस्ट मैच है जिसमें शुरुआती तीन पारियों में 400+ का स्कोर बना और तीनों बार टीमें ऑलआउट हुईं।