स्वराज ख़बर

आज की ताज़ा ख़बर

भारतीय मिश्रित 4 गुणा 400 मीटर टीम ने एशियाई रिले चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

भारतीय मिश्रित 4 गुणा 400 मीटर टीम ने एशियाई रिले चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

बेल्जियम को हराकर यूरोप दौरे की शानदार शुरूआत की भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने

एकता ने क्लब थ्रो में स्वर्ण पदक जीता

बैंकॉक
 मुहम्मद अजमल, ज्योतिका दांडी, अमोज जैकब और सुभा वेंकटेशन की भारतीय मिश्रित 4 गुणा 400 मीटर टीम ने  एशियाई रिले चैंपियनशिप 2024 में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया।

थाईलैंड के बैंकॉक में हुई चैंपियनशिप में रिले चौकड़ी ने 3:14.12 के समय के साथ पिछले साल हांगझोऊ में एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के लिए अजमल, विथ्या रामराज, राजेश रमेश और सुभा द्वारा निर्धारित 3:14.34 के पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा।
श्रीलंका की टीम ने 3:17.00 का समय लेकर रजत पदक जीता। वहीं 3:18.45 समय के साथ अपनी रेस पूरी करने वाली वियतनाम की टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
रिकॉर्ड तोड़ने के प्रयास के बावजूद भारत अभी भी मिश्रित 4 गुणा 400 मीटर स्पर्धा में पेरिस 2024 ओलंपिक कोटा के लिए दावेदारी में नहीं है।
इस महीने की शुरुआत में बहामास में विश्व रिले 24 से सीधा कोटा हासिल करने में विफल रहने के बाद भारतीय मिश्रित 4 गुणा 400 मीटर रिले टीम को आगामी ग्रीष्मकालीन खेलों के लिए कट बनाने के लिए रोड टू पेरिस रैंकिंग पर निर्भर रहना होगा।
बैंकॉक के नतीजे से भारत रोड टू पेरिस रैंकिंग में दो पायदान ऊपर 21वें स्थान पर पहुंच जाएगा, लेकिन शीर्ष 16 में आने से ही भारत, पेरिस ओलंपिक में जगह बना पाएगा।
इटली 3:13.56 समय के साथ, वर्तमान में मिश्रित 4 गुणा 400 मीटर रिले रोड टू पेरिस रैंकिंग में 16वें स्थान पर है।
उल्लेखनीय है कि पेरिस 2024 ओलंपिक रिले स्पर्धाओं के लिए क्वालिफिकेशन विंडो 30 जून को समाप्त हो रही है।
बैंकॉक में चल रही प्रतियोगिता एशियाई रिले चैंपियनशिप का उद्घाटन संस्करण है। पेरिस जाने वाली भारतीय पुरुष और महिला 4 गुणा 400 मीटर रिले टीमें मंगलवार को स्पर्धा करेंगी।

 

 

बेल्जियम को हराकर यूरोप दौरे की शानदार शुरूआत की भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने

एंटवर्प
श्रद्धानंद तिवारी के दो गोल की मदद से भारतीय जूनियर पुरूष हॉकी टीम ने बेल्जियम को पेनल्टी शूटआउट के जरिये हराकर यूरोप दौरे की रोमांचक जीत के साथ शुरूआत की।

तिवारी ने तीसरे और 27वें मिनट में गोल किये। निर्धारित समय तक स्कोर 2.2 था लेकिन भारत ने पेनल्टी शूटआउट में 4.2 से जीत दर्ज की। तिवारी ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल करके भारत को बढत दिलाई और पहले क्वार्टर तक यह बढत कायम रही।

दूसरे क्वार्टर में तिवारी ने 27वें मिनट में एक और पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला। हाफटाइम तक भारत के पास दो गोल की बढत थी।

तीसरे क्वार्टर की शुरूआत में ही बेल्जियम ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर दिया। चौथे क्वार्टर में भी बेल्जियम ने दबाव बनाये रखा और पेनल्टी कॉर्नर पर बराबरी का गोल दाग दिया।

पेनल्टी शूटआउट में भारत के लिये गुरजोत सिंह, सौरभ आनंद कुशवाह, दिलराज सिंह और मनमीत सिंह ने गोल किये। भारतीय गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह ने दो शानदार गोल बचाकर भारत की जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई। भारत को अब बुधवार को नीदरलैंड के ब्रेडा में बेल्जियम से ही खेलना है।

 

एकता ने क्लब थ्रो में स्वर्ण पदक जीता

कोबे
भारत की एकता भयान ने सत्र का सर्वश्रेष्ठ 20.12 मीटर का थ्रो फेंककर विश्व पैरा एथलेटिक चैम्पियनशिप में महिलाओं की एफ51 क्लब थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पहले दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर टी20 श्रेणी की रेस में स्वर्ण पदक जीता था।

एकता के स्वर्ण के अलावा कशिश लाकड़ा ने 14.56 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। अल्जीरिया की नाजेत बूशेर्फ ने 12.70 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया। हरियाणा सिविल सेवा अधिकारी एकता ने एशियाई पैरा खेलों में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने तोक्यो पैरालम्पिक 2020 के लिये भी क्वालीफाई किया था।

एकता डॉक्टर बनना चाहती थी लेकिन 2003 में एक सड़क दुर्घटना ने उनके सारे सपने छीन लिये। वह कैब में जा रही थी जब दिल्ली हरियाणा सीमा पर एक ट्रक उनकी कैब पर उलट गया। वह तब से व्हीलचेयर पर है। उस हादसे में छह अन्य छात्रों की मौत हो गई थी। भारत के अब दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक हो गए हैं।